
कोलंबो में रविवार को खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त दी। इस शानदार जीत के साथ ही टीम इंडिया ने ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल कर सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों को ‘चक दे इंडिया’ कहते हुए बधाई संदेश जारी किया।
मान ने लिखा, ‘टी20 विश्व कप में पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। लगातार तीन जीत के साथ ग्रुप ए में टॉप पर पहुंची टीम सुपर-8 की पहली क्वालीफायर बनी। पूरी टीम को ढेर सारी बधाई। आप देश का मान बढ़ा रहे हैं। चक दे इंडिया।’
दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमी इस मुकाबले पर निगाहें गाड़े थे। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन ईशान किशन के 40 गेंदों पर 77 रनों की तूफानी पारी ने भारत को 7 विकेट पर 175 तक पहुंचा दिया। सूर्यकुमार यादव (32), शिवम दुबे (27) और तिलक वर्मा (25) ने अहम योगदान दिया।
पाकिस्तान 18 ओवर में 114 पर सिमट गया। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट झटके। कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को एक-एक सफलता मिली। ईशान किशन प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड अब 8-1 हो गया है। यह जीत टीम की ताकत और रणनीति को दर्शाती है। सुपर-8 में भारत का अभियान जोरदार रहेगा।