
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ इतिहास रच दिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरे पाकिस्तान के सामने भारत ने 7 विकेट पर 175 रन ठोक दिए, जो दोनों देशों के बीच टी20 वर्ल्ड कप का अब तक का सबसे ऊंचा स्कोर है।
पहले ओवर में ही अभिषेक शर्मा (0) के रूप में विकेट गंवाने के बाद ईशान किशन ने कमाल कर दिखाया। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ 46 गेंदों में 87 रनों की साझेदारी निभाई। ईशान ने 40 गेंदों पर 10 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 77 रन जड़े।
किशन के आउट होने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तिलक (25) संग 38 रनों का इजाफा किया। 126 के स्कोर पर चौथा विकेट गिरा तो सूर्या ने शिवम दुबे संग 33 रन जोड़े। सूर्यकुमार ने 29 गेंदों में 3 चौकों संग 32 रन बनाए, तो दुबे ने 27 रन दिए। रिंकू सिंह ने 4 गेंदों में नाबाद 11 रन बनाकर पारी समेटी।
पाकिस्तान की ओर सईम अयूब ने 25 रन देकर 3 विकेट लिए। सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक को एक-एक सफलता मिली। पहले 2022 में भारत ने 160/6 बनाया था, वहीं 2007 में 157/5। अब पाकिस्तान को 176 रनों का पीछा करना है। यह जीत भारत के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकती है।