
मुंबई। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर प्लेबैक गायिका अमृता फडणवीस ने भगवान शिव को समर्पित अपना नया भक्ति गीत ‘शंभू रे’ जारी किया है। यह गीत श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति की ज्योति जलाने का माध्यम बनेगा।
अमृता ने बताया, ‘सच्ची भक्ति से ओतप्रोत संगीत सीधे आत्मा को छूता है। ‘शंभू रे’ सुनते ही मन शांत हो जाता है और शिव भक्ति जागृत हो उठती है।’
महाराष्ट्र की प्रथम महिला के रूप में जानी जाने वाली अमृता के लिए संगीत जीवन का अभिन्न अंग है। ‘यह मेरी सांसों की तरह जरूरी है। दिन-रात शास्त्रीय संगीत की साधना मेरी दिनचर्या का हिस्सा है।’
गीत निर्माण की प्रक्रिया पर बोलते हुए उन्होंने कहा, ‘हर गीत एक बच्चे की तरह होता है, जिसकी देखभाल प्यार और मेहनत से करनी पड़ती है। भावनाओं को गहराई से समझकर रिकॉर्डिंग करती हूं।’
संगीतकार मोंटी शर्मा के सहयोग की सराहना करते हुए अमृता बोलीं, ‘उनके मार्गदर्शन से यह रचना साकार हुई। अच्छे सहयोगी के बिना सफलता मुश्किल है।’
फिल्मों में अभिनय के प्रस्तावों पर स्पष्ट कहा, ‘संगीत ही मेरा जुनून है। अभिनय में जो सुकून नहीं मिलता, वही गायन में है।’
महाशिवरात्रि पर यह गीत भक्तों को शिव की भक्ति में डुबो देगा।