
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए मुकाबले में यूएसए ने नामीबिया के खिलाफ बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएसए ने 4 विकेट पर 199 रन बनाए और नामीबिया को 200 रन का विशाल लक्ष्य दिया।
कप्तान मोनांक पटेल ने 30 गेंदों पर 3 छक्के और 3 चौके लगाते हुए 52 रन की पारी खेली। उन्होंने शायन जहांगीर के साथ पहले विकेट के लिए 6.5 ओवर में 68 रन जोड़े। जहांगीर 18 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोनांक ने सैतेजा मुक्कमल्ला (17) के साथ 21 रन और जोड़े।
टीम 103 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी, तभी संजय कृष्णमूर्ति ने कमाल कर दिखाया। उन्होंने 33 गेंदों पर 6 छक्के और 4 चौके ठोकते हुए नाबाद 68 रन बनाए। मिलिंद कुमार ने 20 गेंदों पर 28 रन की उपयोगी पारी खेली और चौथे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी की।
नामीबिया की ओर से विलेम मायबर्ग और गेरहार्ड इरास्मस ने दो-दो विकेट लिए। ग्रुप ए में तीसरे स्थान पर मौजूद यूएसए इस जीत से सुपर-8 की दौड़ में मजबूत होना चाहेगा। नामीबिया को अब कठिन चुनौती का सामना करना है।
यूएसए प्लेइंग इलेवन: मोनांक पटेल (कप्तान), शायन जहांगीर (विकेटकीपर), सैतेजा मुक्कमल्ला, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, मिलिंद कुमार, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वैन शल्कविक, अली खान, सौरभ नेत्रवलकर।
नामीबिया प्लेइंग इलेवन: जान फ्राइलिंक, लोरेन स्टीनकैंप, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), डायलन लीचर, रूबेन ट्रम्पेलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज, मैक्स हेइंगो।