
वेलिंगटन। न्यूजीलैंड के कई इलाके भारी बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने उत्तरी द्वीप के पूर्वी हिस्सों के लिए रेड और ऑरेंज चेतावनी जारी की है। रविवार रात तक मौसम और बिगड़ सकता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाएगी।
शनिवार को एक हाईवे पर तेज बहाव में कार समेत एक व्यक्ति बह गया और उसकी मौत हो गई। इससे पहले शुक्रवार की बारिश ने नदियों को उफान पर ला दिया था, सड़कें धंस गईं, बिजली गुल हो गई और लोगों को घर छोड़ने पड़े।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, लो प्रेशर सिस्टम के कारण पूर्वी नॉर्थ आइलैंड में भारी वर्षा, तेज हवाएं और नदियों का खतरे के स्तर से ऊपर चढ़ना तय है। इससे भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
वाइपा और ओटोरोहंगा जिलों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। ये कृषि प्रधान क्षेत्र ऑकलैंड से 180 किलोमीटर दूर हैं, जहां करीब 10,000 लोग रहते हैं। पावरको कंपनी ने बताया कि नॉर्थ आइलैंड पर 4,291 संपत्तियों में बिजली कटी हुई है।
उड़ानें भी प्रभावित हुईं। एयर न्यूजीलैंड ने तेज हवाओं के कारण वेलिंगटन की सभी क्षेत्रीय उड़ानें रद्द कर दीं। कंपनी के सीओओ एलेक्स मैरॉन ने कहा कि रविवार दोपहर से यह कदम उठाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में डूबे इलाके, टूटे रास्ते और बचाव कार्य दिख रहे हैं। लगभग 80 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मौसम सुधार सोमवार को ही संभव है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ वाले क्षेत्रों से दूर रहें और अलर्ट पर नजर रखें। यह घटना जलवायु परिवर्तन के खतरे को रेखांकित करती है।