
मुंबई, 15 फरवरी: महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पैन-इंडिया फिल्म ‘नागबंधम’ का रोमांचकारी टीजर लॉन्च कर दिया गया है। सुपरस्टार महेश बाबू द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने के बाद यह टीजर सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है।
लगभग ढाई मिनट लंबे इस टीजर की शुरुआत शांतिपूर्ण लेकिन भयावह माहौल से होती है। बर्फीले पहाड़ों और भयानक गुफाओं के दृश्य दर्शकों को एक रहस्यमयी दुनिया में ले जाते हैं। केंद्र में है पवित्र नागबंधम मंदिर, जिसकी रक्षा देवी शक्तियां करती हैं। यहां ब्रह्मांड के प्राचीन खजाने छिपे हैं, जो पद्मनाभस्वामी से जुड़े हैं। इनकी शक्ति इतनी प्रबल है कि गलत हाथों में पड़ने पर विनाश ला सकती है।
खतरे के समय रक्षक के रूप में उभरते हैं विराट कर्ण, जो भगवान शिव के अवतार में नजर आते हैं। उनके चरित्र से दिव्य ऊर्जा का अहसास होता है। बैकग्राउंड में ढोल-नगाड़ों की थाप और मंत्रों की ध्वनि वातावरण को और रहस्यमय बनाती है।
अभिषेक नामा के निर्देशन में बनी यह तेलुगु पौराणिक ड्रामा फिल्म में विराट कर्ण के साथ नाभा नतेश, ऐश्वर्या मेनन, महेश मांजरेकर और जगपति बाबू मुख्य भूमिकाओं में हैं। एनआईके स्टूडियो और अभिषेक पिक्चर्स के बैनर पर किशोर अन्नपुरेड्डी व निशिता नागिरेड्डी ने इसे भव्य रूप दिया है।
टीजर से पहले पोस्टर ने भी खूब सराहना बटोरी थी। यह फिल्म इस साल गर्मियों में विश्वव्यापी रिलीज होगी, जो दर्शकों के लिए बड़ा मनोरंजन साबित होगी।