
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले धमाकेदार मुकाबले को लेकर बिहार में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। पटना से लेकर गांवों तक युवाओं में क्रिकेट का बुखार चढ़ा हुआ है। बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने टीम इंडिया को शुभकामनाएं दीं और जमुई में पत्रकारों से कहा कि ईशान किशन एक बिहारी सब पर भारी पड़ेंगे।
श्रेयसी सिंह ने कहा, ‘भारतीय टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं। उम्मीद है कि वे शानदार प्रदर्शन कर विजयी लौटेंगी।’ उन्होंने ईशान किशन की तारीफ करते हुए बिहार की युवा शक्ति पर भरोसा जताया।
इस बीच, अंडर-19 विश्व कप विजेता वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करने की तैयारियां जोरों पर हैं। सिंह ने बताया कि वैभव के कोच से बात चल रही है और जल्द बिहार में उनका स्वागत होगा। यह हर बिहारवासी के लिए गौरव का क्षण है।
पटना के युवा क्रिकेटप्रेमी ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव पर रनों के लिए और जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती पर विकेटों के लिए भरोसा कर रहे हैं। एक प्रशंसक ने कहा, ‘ईशान और साथी 300 रन पार कर पाकिस्तान को धूल चटा देंगे। सूर्यकुमार और तिलक भी फॉर्म में लौटेंगे।’
दूसरे फैन ने पाक गेंदबाज उस्मान तारिक पर छह छक्के मारने की भविष्यवाणी की। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि भारत पाक को करारी शिकस्त देगा और टी-20 में दबदबा कायम करेगा। बिहार का यह उत्साह पूरे देश की भावना को दर्शाता है।