
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। कौशल चौधरी गैंग के सदस्य कुलदीप सिंह (22) को गिरफ्तार कर लिया गया। वह बुराड़ी के एक व्यापारी की हत्या की साजिश का मुख्य सूत्रधार था और पंजाब में 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले फायरिंग मामले में वांछित था।
द्वारका सेक्टर-17 के नर्सरी रोड पर अंडर-कंस्ट्रक्शन मार्केट के पास यह कार्रवाई की गई। तलाशी में उसके पास से पीएक्स-30 ऑटोमेटिक पिस्टल (7.62 एमएम), लोडेड 7.65 एमएम पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और उत्तर प्रदेश के मुरादनगर से चुराई गई स्कूटी बरामद हुई। आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हो गया है।
डीसीपी हर्ष इंदौरा के निर्देशन में एसीपी भगवती प्रसाद और इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारा। विदेशी गैंगस्टर पवन शौकीन और गुरदीप उर्फ ‘पा जी’ ने दिल्ली में हत्या की योजना बनाई थी, जिसे कुलदीप को सौंपा गया।
पूछताछ में पता चला कि वह पहले होशियारपुर के चावला क्लॉथ हाउस पर फायरिंग कर रंगदारी मांग चुका था। 2025 में जमानत पर रिहा होने के बाद फिर सक्रिय हो गया। गैंग एन्क्रिप्टेड ऐप्स से जुड़ा रहता था, हरियाणा के अंबाला से हथियार मंगवाए और यूपी-पंजाब के सदस्यों से तालमेल बिठा रहा था।
समय पर कार्रवाई से बड़ी साजिश नाकाम हो गई। आरोपी से पूछताछ जारी है और अन्य सदस्यों की धरपकड़ के लिए टीमें लगी हैं। यह गिरफ्तारी संगठित अपराध पर पुलिस की मजबूत पकड़ दिखाती है।