
अमेरिका के कैलिफोर्निया में छह दिनों से लापता 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद हो गया है। कर्नाटक निवासी साकेत यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्केले में केमिकल और बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर्स कर रहे थे।
9 फरवरी को विश्वविद्यालय परिसर से करीब एक किलोमीटर दूर उन्हें आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद बर्केले शहर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें अंजा झील और बर्केले पहाड़ियों के आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से छानबीन की गई।
सैन फ्रांसिस्को भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पुष्टि की कि स्थानीय पुलिस ने उनका पार्थिव शरीर प्राप्त कर लिया है। दूतावास ने सोशल मीडिया एक्स पर शोकाकुल परिवार के प्रति गहन संवेदना व्यक्त की और हर प्रकार की सहायता का वादा किया। पार्थिव देह को शीघ्र भारत लाने की प्रक्रिया चल रही है।
खोजी अभियान में साकेत का बैग मिला, जिसमें पासपोर्ट व लैपटॉप थे। यह टिल्डेन रीजनल पार्क के निकट एक घर के पास पाया गया। आईआईटी मद्रास के पूर्व छात्र साकेत ने बेंगलुरु के श्री वाणी शिक्षा केंद्र से स्कूली शिक्षा ग्रहण की थी।
लंबाई छह फुट एक इंच, वजन 160 पाउंड, छोटे काले बाल व भूरी आंखों वाले साकेत को मित्र तेजतर्रार, विनम्र व प्रतिभाशाली मानते थे। वे हाइपरलूप के माइक्रोचैनल कूलिंग सिस्टम पेटेंट के सह-अविष्कारक थे। दूतावास ने इस दुखद घड़ी में परिवार को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया है।