
दिल्ली में ट्रैफिक चालानों के निपटारे को अब डिजिटल रूप से सरल बना दिया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के सहयोग से ‘डिजिटल लोक अदालत’ ऐप लॉन्च किया है। इसका ई-उद्घाटन दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव और डेल्सा के कार्यकारी अध्यक्ष ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष किया।
पहले लोक अदालतों में चालानों के निपटारे की जानकारी मिलने में भारी विलंब होता था। यह ऐप उस समस्या का समाधान है, जो रीयल-टाइम डेटा एक्सेस, एसएमएस अलर्ट और वर्चुअल कोर्ट से एकीकरण प्रदान करता है। वाहन मालिकों को सीधे संदेश मिलेंगे, जिससे देरी और दोहराव कम होगा।
चालान विवरण ऐप में तुरंत दिखेगा, मैन्युअल एंट्री की गलतियां रुकेंगी और प्रक्रिया तेज होगी। स्पेशल लोक अदालत में 1,92,444 चालान डाउनलोड हो चुके हैं, जिनका एकमुश्त निपटारा हुआ। स्थिति की सूचना एसएमएस से भेजी गई।
इससे लंबित मामलों में कमी, तेज समाधान, पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस तकनीकी समाधानों से सड़क सुरक्षा और सेवाओं को मजबूत करने के प्रति कटिबद्ध है।