
झारखंड के दुमका जिले से एक सनसनीखेज अपराध की खबर सामने आई है, जहां एक महिला और उसकी बेटी की दर्दनाक हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का तेजी से खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया। जांच में पता चला कि आरोपी ने दुष्कर्म की कोशिश की, विरोध पर गुस्से में दोनों की निर्मम हत्या कर शवों को झाड़ियों में छिपा दिया था।
बुधवार को नगर थाना क्षेत्र के सिंधिया चौक के पास इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे झाड़ियों से दो शव मिले। मृतक काठीकुंड थाना क्षेत्र की रहने वाली मां-बेटी थीं। पुलिस ने तुरंत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एसआईटी गठित की। तीन दिनों में सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से जुनैल अंसारी को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि सुनसान जगह पर मां-बेटी को देख नियत भ्रष्ट हो गई। बहकाकर ले गया, महिला के साथ बलात्कार की कोशिश की। विरोध और चीखने पर पहले महिला को पीट-पीटकर मारा, फिर बेटी का गला दबाकर खामोश कर दिया।
शव छिपाने के बाद 5 हजार रुपये और सामान लूट फरार हुआ। पुलिस की चुस्ती से आरोपी धर दबोचा गया, सारा माल बरामद। यह घटना महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। जिला प्रशासन ने गश्त बढ़ाने का ऐलान किया है, ताकि ऐसी वारदातें रुकें। समाज इस क्रूरता की निंदा करता है।