
दिल्ली में निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि ने अभिभावकों को परेशान कर दिया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने स्कूलों पर बच्चों के बोर्ड परीक्षा रोल नंबर रोककर मिडिल क्लास परिवारों को ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है।
उन्होंने बताया कि फीस न देने वाले अभिभावकों के बच्चों को 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं से वंचित करने की धमकी दी जा रही है। उनके पास एपीजे स्कूल और सलवान पब्लिक स्कूल से संबंधित कई शिकायतें सबूतों सहित पहुंची हैं। एपीजे में एक राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी छात्रा का रोल नंबर रोका गया है, जबकि सलवान में भी इसी तरह का दबाव बनाया जा रहा है।
भारद्वाज ने इसे खुलेआम गुंडागर्दी करार देते हुए भाजपा सरकार पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। सरकार ने न तो फीस वापस करवाई, न ही किसी स्कूल प्रबंधन पर एफआईआर दर्ज की। 20 से 80 फीसदी तक की वृद्धि को अप्रत्यक्ष समर्थन मिल गया लगता है।
हालिया सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में फीस नियंत्रण कानून पर सवाल उठे, जबकि दिल्ली हाईकोर्ट ने फीस समितियों पर रोक लगा दी। 1 अप्रैल 2025 से शुरू सत्र 2025-26 की फीस समीक्षा से बाहर रखी गई है। भारद्वाज ने तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रहे।