
इटली के छोटे से शहर ब्रेंडोला में एक अनोखी भर्ती अभियान चल रहा है। यहां मेयर ब्रूनो बेल्ट्रामे ने छह ‘गंध मूल्यांकनकर्ताओं’ की तलाश शुरू की है, जो औद्योगिक क्षेत्र से आने वाली बदबू का पता लगाकर हवा की गुणवत्ता सुधारने में मदद करेंगे।
निवासियों की शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया है। आवेदक 18 वर्ष से अधिक उम्र के होने चाहिए, उन्हें अस्थमा या एलर्जी जैसी सांस संबंधी बीमारी नहीं होनी चाहिए। साथ ही उनके पास वाहन और स्मार्टफोन होना जरूरी है, जिसमें ऐप के जरिए गंध डेटा दर्ज किया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों की सूंघने की क्षमता की जांच होगी और विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें फैक्ट्रियों या कचरे से आने वाली गंधों को पहचानना सिखाया जाएगा। वे निर्धारित क्षेत्रों में घूमकर हवा का सेंसरी मूल्यांकन करेंगे।
मेयर ने बताया कि पांच साल पहले इसी तरह की जांच से दोषी कंपनियों का पता चला था। अब भौगोलिक क्षेत्र बढ़ाकर दोहरा रहे हैं ताकि पता चले कि वही कंपनियां हैं या नई। विसेंजा प्रांत में स्थित ब्रेंडोला पो घाटी का हिस्सा है, जो यूरोप के सबसे प्रदूषित इलाकों में शुमार है।
स्थानीय लोग पर्यावरण के प्रति जागरूक हो गए हैं। कचरा या बदबू देखते ही रिपोर्ट करते हैं, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव होती है। क्रिसमस से पहले विज्ञापन पर प्रतिक्रिया कम मिली, लेकिन इस हफ्ते फेसबुक पर पोस्ट करने से दर्जन भर आवेदन आ चुके हैं। राज्य स्तर पर हवा-पानी सुधार के प्रयास तेज हैं, नियम तोड़ने वालों पर भारी जुर्माना लगता है।