
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्रीय आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने गुजरात में राष्ट्रीय राजमार्ग-56 के धमासिया-बिटदा और मूवी-नासरपुर-मालोथा खंडों को चार कारियों में विकसित करने की स्वीकृति प्रदान की है। इसकी अनुमानित लागत 4,583.64 करोड़ रुपये है और कुल लंबाई 107.67 किलोमीटर होगी।
यह परियोजना हाइब्रिड एन्युटी मोड (एचएएम) पर अमल में लाई जाएगी। एनएच-56 राजस्थान के निम्बाहेड़ा से प्रारंभ होकर गुजरात के दाहोद, मध्य प्रदेश के अलीराजपुर और फिर गुजरात के छोटा उदेपुर से गुजरते हुए वापी के निकट एनएच-48 से मिलता है।
ये खंड नर्मदा जिले से गुजरेंगे और दाहोद, छोटा उदयपुर, तापी व भरूच के आदिवासी इलाकों को जोड़ेंगे। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। साथ ही, केवड़िया के विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुंच सुगम होगी।
परियोजना 100 किमी/घंटा की डिजाइन स्पीड के साथ बनेगी, जिससे औसत गति 70 किमी/घंटा रहेगी। यात्रा समय 40 प्रतिशत घटकर 1.5 घंटे हो जाएगा। इससे 19.38 लाख प्रत्यक्ष और 22.82 लाख अप्रत्यक्ष मानव-दिवस रोजगार पैदा होंगे।
सड़क मंत्रालय ने एनएचएआई के जरिए जांबुगम (बोडेली)-मालोथा के 175 किमी खंड को चार पैकेजों में चार कारियों में बदलने का कार्य शुरू किया है। धमासिया व मूवी-नासरपुर के ठेके दिए जा चुके हैं और निर्माण नवंबर 2025 से चल रहा है। दो वर्षों में पूरा होने पर बोडेली से मालोथा तक निरंतर फोर-लेन बनेगी, जो एनएच-56 की भीड़ घटाएगी और अन्य राजमार्गों से जोड़ेगी।