
पटना में राजनीतिक तापमान तेज हो गया है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की जमानत पर रिहाई के बाद उन्होंने पटना, दिल्ली और पूर्णिया के नेताओं पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया। इस पर जदयू के विधान पार्षद नीरज कुमार ने शनिवार को कड़ा जवाब दिया और पप्पू यादव को ‘राजनीति का कायर’ बता दिया।
कुमार ने कहा कि अगर हत्या की साजिश का पता है तो उन तीनों नेताओं के नाम सार्वजनिक करें। उन्होंने तंज कसा, ‘लॉरेंस बिश्नोई की धमकी से न डरने का दंभ भरने वाले पप्पू अब नेताओं का नाम क्यों नहीं ले रहे? यह उनकी कायरता दिखाता है।’
जेल के नाटक पर कटाक्ष करते हुए कुमार बोले, जेल जाते वक्त कमर-पेट दर्द से स्ट्रेचर पर आते हैं, जमानत मिलते ही व्हीलचेयर फेंककर हवाई अड्डे की ओर दौड़ पड़ते हैं। बिश्नोई मामले ने उनका असली रूप उजागर कर दिया।
पप्पू के पुराने केसों का जिक्र कर कुमार ने कहा, डकैती, हत्या, अपहरण, वसूली जैसे अपराधों में फंसे व्यक्ति क्या खुलासे करेंगे? रूपेश हत्याकांड पर चुप्पी क्यों? क्या सौदेबाजी कर रहे थे?
पूर्व आईपीएस अमिताभ दास को ‘राजनीतिक रूप से मानसिक रूप से टूटा’ बताते हुए कहा, छात्रा मौत के सबूत थे तो पेश क्यों नहीं किए?
बिहार की सियासत में यह जंग जारी है, जहां व्यक्तिगत हमले हावी हो रहे हैं।