
मुंबई। संगीत जगत की दिग्गज कंपनी सारेगामा ने वैलेंटाइन डे के खास मौके पर एक धमाकेदार ऐलान किया है। कंपनी इस साल थिएटरों में रिलीज होने वाली एनिमेटेड फीचर फिल्म ‘शिव सती’ ला रही है। यह फिल्म भगवान शिव और माता सती की अमर प्रेम कहानी को ब्रह्मांड की पहली लव स्टोरी के रूप में पेश करती है।
शिव-सती की यह कथा प्रेम, बलिदान, समर्पण और दिव्य मिलाप का प्रतीक है। आधुनिक एनिमेशन के जरिए यह सभी उम्र के दर्शकों को बांध लेगी, खासकर बच्चों को पौराणिक दुनिया से जोड़ेगी।
सारेगामा इंडिया लिमिटेड ने अमेजिंग इंडियन स्टोरीज के सहयोग से इस भव्य प्रोजेक्ट को तैयार किया है। उन्नत एनिमेशन तकनीकों से लैस फिल्म को बड़े पर्दे के लिए स्पेशल लार्ज फॉर्मेट में बनाया जा रहा है, जहां भव्य दृश्य, गहन भावनाएं और चमत्कारी प्रभाव दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
निर्देशन कर रहे हैं प्रसिद्ध फिल्ममेकर विवेक आंचलिया, जिनकी ‘नैशा’, ‘तिकदम’ और ‘राजमा चावल’ जैसी फिल्में चर्चित रही हैं। वे कटिंग-एज विजुअल्स के साथ शाश्वत कथा को जोड़ एक अविस्मरणीय अनुभव रच रहे हैं। फिल्म प्रोडक्शन स्टेज पर है।
इंस्टाग्राम पर सारेगामा ने पोस्ट शेयर कर कहा कि यह फिल्म भारतीय मिथकों को नए लुक में लाएगी, जिसमें स्केल, इमोशन और स्पेक्टेकल का तड़का होगा। प्रेम थीम वाली यह घोषणा वैलेंटाइन के लिए परफेक्ट है। सारेगामा अब एनिमेशन से पौराणिक कथाओं को दुनिया भर ले जाने को बेताब है।
शिव आधारित एनिमेटेड फिल्में पहले भी आई हैं, जैसे ‘द डांसिंग गॉड शिवा’ में तांडव नृत्य, ‘शिव पार्वती’ में प्रेम विवाह की कहानी और ‘शिवा: द सेक्रेट वर्ल्ड ऑफ वेदास सिटी’ में रहस्यमयी दुनिया। ‘शिव सती’ इन्हें पीछे छोड़ने को तैयार है।