
नोएडा के सेक्टर-49 में पुलिस ने तीन स्पा सेंटर्स पर धावा बोलकर देह व्यापार के अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की संयुक्त टीम ने देर रात ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिसमें 24 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया।
ये स्पा सेंटर्स मसाज सेवाओं के नाम पर चल रहे थे, लेकिन अंदर का काला कारोबार सामने आ गया। मौके से मोबाइल फोन, रजिस्टर और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच से पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए ग्राहकों को महिलाओं की फोटो भेजी जाती थीं और स्पा बुलाया जाता था। डिजिटल सबूतों से गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने की कोशिश हो रही है।
स्थानीय पुलिस की निगरानी पर सवाल उठे हैं। जॉइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने कहा कि विशेष टीम जांच करेगी और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी। मिशन मुक्ति फाउंडेशन के सहयोग से यह कार्रवाई सफल रही।