
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 21वें मैच में यूएसए ने नीदरलैंड्स को 93 रन से करारी शिकस्त दी। इस शानदार जीत के साथ यूएसए ने टूर्नामेंट में अपना पहला पॉइंट हासिल किया और ग्रुप-ए की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर कूद गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएसए ने छह विकेट पर 196 रन ठोके। शुरुआती झटके में शायन जहांगीर 20 रन पर आउट हुए, लेकिन कप्तान मोनांक पटेल ने सैतेजा मुक्कमल्ला के साथ 37 गेंदों में 55 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। मोनांक 22 गेंदों में चार चौकों की मदद से 36 रन बनाकर लौटे।
सैतेजा ने कमाल दिखाया, 51 गेंदों पर 79 रन जड़ दिए, जिसमें पांच चौके और चार छक्के थे। उन्होंने संजय कृष्णमूर्ति के साथ 23 और शुभम रंजने के साथ 54 रनों की साझेदारी की। शुभम 24 गेंदों में तीन चौकों व दो छक्कों से 48 रन बनाकर नाबाद रहे।
नीदरलैंड्स की ओर से बास डी लीडे ने 37 रन देकर तीन विकेट लिए। लोगान वैन बीक, काइल क्लेन और फ्रेड क्लासेन को एक-एक सफलता मिली।
197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स 15.5 ओवरों में 103 पर ढेर हो गई। माइकल लेविट 3 रन पर पहला विकेट गिरा। मैक्स ओ’डॉड ने 17 गेंदों में दो चौकों के साथ 23 रन बनाए। स्कॉट एडवर्ड्स ने 14 गेंदों पर 20 और रीलोफ वैन डर मर्व ने 10 रन जोड़े।
यूएसए के हरमीत सिंह ने चार विकेट चटकाए, शैडली वैन शल्कविक को तीन, मोहम्मद मोहसिन को दो और नोस्तुश केंजीगे को एक मिला। यह जीत यूएसए के लिए बड़ा आत्मविश्वास बढ़ाने वाली है।