
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 21वें मैच में अमेरिका के 21 साल के बल्लेबाज सैतेजा मुक्कमल्ला ने नीदरलैंड के खिलाफ धमाकेदार 79 रनों की पारी खेली। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही सैतेजा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अमेरिकी खिलाड़ियों के बीच सबसे ज्यादा अर्धशतकों का संयुक्त रिकॉर्ड बना लिया।
सिर्फ 20 पारियों में सातवीं बार अर्धशतक जड़कर उन्होंने कप्तान मोनांक पटेल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली, जिन्होंने 39 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। एंड्रीज गौस के नाम 26 पारियों में 6 और स्टीवन टेलर के नाम 29 पारियों में 5 अर्धशतक दर्ज हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमेरिकी टीम ने 6 विकेट पर 196 रन ठोके। मोनांक पटेल और शायन जहांगीर ने पहले विकेट के लिए 2.5 ओवर में 27 रनों की साझेदारी की। शायन 14 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद मोनांक ने सैतेजा के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 55 रन जोड़े। मोनांक 22 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के के साथ 36 रन बनाकर लौटे। सैतेजा ने शुभम रंजने के साथ चौथे विकेट के लिए 35 गेंदों में 54 रन की साझेदारी निभाई। सैतेजा 51 गेंदों में 5 चौकों और 4 छक्कों से 79 रन बनाकर आउट हुए, तो शुभम 24 गेंदों में नाबाद 48 (3 चौके, 2 छक्के) पर रहे।
नीदरलैंड की ओर से बास डी लीडे ने 37 रन देकर 3 विकेट लिए। लोगान वैन बीक, काइल क्लेन और फ्रेड क्लासेन को एक-एक सफलता मिली। ग्रुप ए में भारत से 29 और पाकिस्तान से 32 रनों से हारने के बाद यह पारी अमेरिका के लिए राहत की सांस है।