
मुंबई। रानी मुखर्जी की नवीनतम फिल्म ‘मर्दानी-3’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है। कमाई के साथ-साथ दर्शकों के दिलों में भी इसने खास जगह बना ली है। इस सफलता के जश्न के बीच रानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में हर लड़की का शिक्षित होना अनिवार्य है। घर हो या बाहर, हर जगह सतर्क रहना जरूरी है। खतरा केवल सड़कों पर नहीं, बल्कि समाज की सोच में छिपा है। कई बार विश्वासपात्र लोग ही धोखा देते हैं।
रानी ने कहा, ‘महिलाएं आसानी से भरोसा कर लेती हैं, जो टूट जाता है। शिक्षा से मानसिक मजबूती आएगी। अपराधियों को कठोर सजा मिले, तभी अपराध रुकेंगे।’ उन्होंने 30 साल के करियर पर प्रसन्नता जताते हुए भविष्य के लिए दर्शकों से प्रेम की कामना की।
‘अगले 30 साल भी यूं ही साथ निभाएं,’ उन्होंने अपील की। रानी प्रतिबद्ध हैं कि भविष्य में ऐसी फिल्में लाएंगी जो मनोरंजन के साथ प्रेरणा दें। उनकी बातें समाज में बदलाव की बुनियाद रख सकती हैं।