
अमेरिका के सिएटल शहर ने भारतीय छात्रा जाह्नवी कंडुला के परिवार को करीब 29 मिलियन डॉलर यानी लगभग 262 करोड़ रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। यह फैसला उस दर्दनाक हादसे के एक साल बाद आया है, जिसमें तेज रफ्तार पुलिस वाहन ने जाह्नवी को कुचल दिया था। महज दो दिन पहले ही उनके पिता का भी हृदयाघात से निधन हो गया, जिससे परिवार का दु:ख दोगुना हो गया।
जाह्नवी (23) आंध्र प्रदेश के पुलिस हेड कांस्टेबल कंडुला श्रीकांत और विजयलक्ष्मी की बड़ी बेटी थीं। वे 2021 में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गईं और नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी सिएटल में इंफॉर्मेशन सिस्टम्स में मास्टर्स कर रही थीं। 23 जनवरी 2023 को सड़क पार करते हुए पुलिस अधिकारी केविन डेव की गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। डेव ड्रग ओवरडोज की कॉल पर 40 किमी/घंटा वाले इलाके में 119 किमी/घंटा की रफ्तार से चला रहे थे।
डैशकैम फुटेज में साफ दिखा कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जाह्नवी करीब 100 फीट हवा में उछल गईं। बाद में एक अन्य पुलिसकर्मी का बॉडीकैम वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह हादसे पर मजाक उड़ा रहा था। इससे भारत में रोष फैल गया और अमेरिका से पूरी जांच की मांग की गई।
10 फरवरी को श्रीकांत का गुंटकल में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार 11 को कुरनूल जिले के अदोनी में हुआ। परिवार ने मुआवजे पर चुप्पी साधी है और कहा कि वे अभी शोक में हैं। उन्हें यह खबर सोशल मीडिया से मिली। हाल में अमेरिकी अधिकारी ने मार्च में अमेरिका आने का न्योता दिया।
12 फरवरी को घोषित यह सेटलमेंट 2024 में दायर 110 मिलियन डॉलर के मुकदमे को खत्म करता है। सिटी अटॉर्नी एरिका इवांस ने कहा, ‘जाह्नवी की मौत दिल दहला देने वाली थी। यह मुआवजा परिवार को कुछ सुकून देगा। उनकी जिंदगी का महत्व अपार था।’