
मुंबई के सिनेमाघरों में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फिल्म ‘ओ रोमियो’ रिलीज हो गई है। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी यह फिल्म रोमांस और एक्शन का जबरदस्त संगम लेकर आई है। पहले शो से निकले दर्शकों की प्रतिक्रियाएं जोरदार हैं।
दर्शकों का मानना है कि शाहिद और तृप्ति की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री कमाल की है। एक दर्शक ने कहा, ‘दोनों की जोड़ी ने दिल जीत लिया। एक्शन सीन शानदार हैं, निर्देशन और सिनेमेटोग्राफी लाजवाब। नाना पाटेकर का छोटा लेकिन दमदार रोल भी याद रहेगा।’
फिल्म में फरीदा जलाल, दिशा पाटनी, शक्ति कपूर जैसे सितारे भी हैं, जिनके किरदार भले छोटे हों लेकिन असरदार हैं। एक अन्य ने बताया, ‘शाहिद का खूंखार किरदार गजब का है, तृप्ति संग उनकी जोड़ी प्यारी लगी। एक्शन की भरमार है, हर किसी को देखनी चाहिए।’
हालांकि कुछ दर्शकों को कहानी कमजोर लगी। ‘स्टाइल तो हाई है लेकिन कंटेंट कम,’ बोले एक। ‘एक्शन ज्यादा हो गया, एनिमल जैसा लगता है।’ फिर भी शाहिद के रोमियो वाले रोल ने खूब वाहवाही बटोरी।
महिला दर्शक बोलीं, ‘शाहिद रोमांस से एक्शन तक सब टॉप पर हैं। बड़े स्टार्स और अच्छी कहानी के साथ फिल्म मस्ट वॉच है।’ धीरे-धीरे वर्ड ऑफ माउथ से फिल्म हिट की राह पर है।