
मध्य प्रदेश के गौरव, अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराक सतेंद्र सिंह लोहिया ने न्यूजीलैंड के कुक स्ट्रेट को सफलतापूर्वक पार करके एक नया इतिहास रच दिया है। दुनिया के सबसे कठिन समुद्री चैनलों में शुमार इस चुनौती को पार करने वाले वह एशिया के पहले पैरा तैराक बन गए हैं। 38 वर्षीय सतेंद्र के इस साहसिक कारनामे ने पूरे देश को गर्व से भर दिया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से बधाई संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा, ‘पद्म श्री अवॉर्डी सतेंद्र सिंह लोहिया ने कुक स्ट्रेट को पार कर इतिहास रच दिया। यह मध्य प्रदेश और भारत के लिए गर्व का क्षण है। उनके दृढ़ संकल्प से भावी पीढ़ियां प्रेरित होंगी।’
भिंड जिले के गाटा गांव निवासी सतेंद्र ने अपने करियर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। 2018 में इंग्लिश चैनल (36 किमी) की टीम स्विमिंग, 2019 में अमेरिका के कैटालिना चैनल, मुंबई की 33 किमी सर्किट 5 घंटे 42 मिनट में और इंग्लिश चैनल अकेले 12 घंटे 26 मिनट में पूरा किया।
उनके सम्मानों में 2014 का विक्रम अवॉर्ड, 2020 का तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड (पहले पैरा एथलीट), 2021 का बेस्ट स्पोर्ट्सपर्सन नेशनल अवॉर्ड और 2024 का पद्म श्री शामिल हैं।
सतेंद्र की यह जीत न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा स्रोत बनी है। उनका संघर्ष आने वाले समय में युवाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।