
नई दिल्ली। देश की शीर्ष एफएमसीजी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) ने वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) के परिणाम जारी किए हैं। चालू कारोबार से कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 30 प्रतिशत गिरकर 2,118 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल 3,027 करोड़ रुपये था।
हालांकि, आइसक्रीम डिमर्जर से एकमुश्त लाभ सहित बंद कारोबार के फायदे जोड़ने पर कुल मुनाफा 6,603 करोड़ रुपये पहुंचा। असाधारण लाभ हटाने पर शुद्ध लाभ 1 प्रतिशत बढ़कर 2,562 करोड़ रुपये हो गया।
कुल आय 16,580 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल 15,788 करोड़ से अधिक है। खर्च 13,078 करोड़ रुपये तक पहुंचा, जबकि ईबीआईटीडीए 3 प्रतिशत चढ़कर 3,788 करोड़ रुपये पर पहुंचा, लेकिन मार्जिन 23.3 प्रतिशत पर सिमट गया।
सीईओ प्रिया नायर ने कहा, “हमने ब्रांडों को बड़े स्तर पर आकर्षक बनाए रखा है, उच्च विकास वाले क्षेत्रों में बाजार विस्तार तेज किया है और क्विक कॉमर्स के लिए समर्पित संगठन बनाकर भविष्य के चैनलों को मजबूत किया है।”
वित्त वर्ष 27 के लिए कंपनी को पोर्टफोलियो और चैनल बदलावों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। नीतिगत समर्थन और मैक्रो स्थिरता उपभोग को बढ़ावा देगी। एचयूएल की रणनीति बाजार चुनौतियों के बीच विकास सुनिश्चित करेगी।