
नोएडा, 12 फरवरी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चली तेज हवाओं ने वायु प्रदूषण की जकड़न को ढीला कर दिया है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में आंशिक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिल्ली और आसपास के कई इलाके खतरनाक रेड जोन से बाहर निकलकर येलो व ऑरेंज श्रेणी में आ गए हैं।
प्रदूषण अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, लेकिन स्थिति पहले से निश्चित रूप से सुधरी हुई नजर आ रही है। दिल्ली के विभिन्न निगरानी केंद्रों से मिले आंकड़ों के अनुसार, बवाना में 259, अशोक विहार में 220, आनंद विहार में 218 तथा डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 202 का एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। अलीपुर (181), बुराड़ी क्रॉसिंग (169), चांदनी चौक (162), सीआरआरआई मथुरा रोड (171), डीटीयू (169) और आया नगर (160) सभी येलो से ऑरेंज जोन में हैं।
नोएडा में भी वातावरण साफ हो रहा है। सेक्टर-125 (190), सेक्टर-62 (170), सेक्टर-1 (190) व सेक्टर-116 (175) के आंकड़े मध्यम स्तर के हैं। गाजियाबाद के इंदिरापुरम (225) व वसुंधरा (230) ऑरेंज में हैं, जबकि संजय नगर (139) येलो जोन में बेहतर स्थिति दर्शाता है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुमान से न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। 12 को 26/12, 13 को 27/12 तथा 14 फरवरी को 28/13 डिग्री का पूर्वानुमान है। सुबह हल्की धुंध संभव है, लेकिन कोई चेतावनी नहीं।
विशेषज्ञों का कहना है कि हवाओं ने प्रदूषक कणों को दूर उड़ा दिया। हालांकि, हवा की रफ्तार घटने पर स्थिति बिगड़ सकती है, इसलिए सतत प्रयास जरूरी हैं।