
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जहां वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 30 रन से करारी शिकस्त दी। लगातार दूसरी जीत के साथ कैरेबियन टीम ग्रुप सी की अंक तालिका में +1.625 नेट रन रेट के साथ नंबर वन पर काबिज हो गई है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने 6 विकेट पर 196 रन ठोके। शुरुआती झटके के बावजूद शिमरोन हेटमायर और रोस्टन चेज ने तीसरे विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। हेटमायर 12 गेंदों में 23 रन बनाकर लौटे।
शेरफन रदरफोर्ड ने कमाल कर दिखाया, 29 गेंदों में 7 छक्कों और 2 चौकों की मदद से नाबाद 76 रन जड़े। उन्होंने रोवमैन पॉवेल के साथ 51 और जेसन होल्डर (33 रन) संग 61 रनों की साझेदारी की। इंग्लैंड की ओर से जेमी ओवरटन और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट लिए।
197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड 19 ओवरों में 166 पर सिमट गई। फिल सॉल्ट ने 30 और जोस बटलर 21 रन बनाए, जबकि जैकब बेथेल ने 33 का योगदान दिया। सैम करन 43* पर नाबाद रहे, लेकिन गुडाकेश मोती के 3 विकेटों ने मैच पलट दिया। रोस्टन चेज को दो सफलताएं मिलीं।
यह जीत वेस्टइंडीज के अभियान को मजबूती देती है और टूर्नामेंट में उनकी दावेदारी को मजबूत करती है।