
मुंबई। राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर की सुपरहिट फिल्म ‘बधाई दो’ ने चार साल पूरे कर लिए हैं। 2022 में रिलीज हुई यह फिल्म समाज के संवेदनशील मुद्दों पर खुलकर बोली और दर्शकों के दिलों में बस गई।
हर्षवर्धन कुलकर्णी के निर्देशन में बनी इस कॉमेडी-ड्रामा ने लैवेंडर मैरिज और समलैंगिक अधिकारों जैसे विषयों को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश किया। राजकुमार ने शार्दुल ठाकुर नामक समलैंगिक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया, जबकि भूमि ने सुमन सिंह के रूप में समलैंगिक शिक्षिका की भूमिका अदा की। परिवार के दबाव से बचने के लिए दोनों ने शादी की, लेकिन एक छत के नीचे रहते हुए उनकी जिंदगी में नई उलझनें पैदा हो गईं।
फिल्म ने एलजीबीटीक्यू समुदाय की चुनौतियों, सामाजिक मानदंडों और पारिवारिक अपेक्षाओं को बखूबी दर्शाया। भूमि ने इंस्टाग्राम पर एक यादगार सीन शेयर कर लिखा कि फिल्म के प्रति उनका प्यार बढ़ता ही जा रहा है।
दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया के बावजूद फिल्म की कहानी ने गहरी छाप छोड़ी। गुलशन देवैया, चुम दारंग, शीबा चड्ढा और सीमा पाहवा ने शानदार सहयोग दिया। दूसरी ओर, भूमि जल्द ‘दलदल’ सीरीज में पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखेंगी। टीजर रिलीज होते ही फैंस उत्साहित हो गए हैं।