
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का नामीबिया के खिलाफ दूसरा लीग मुकाबला गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। चोट से ठीक हो चुके ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर टीम में वापसी कर चुके हैं और इस मैच को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में वडोदरा में गेंदबाजी के दौरान चोट लगने से सुंदर को लगभग एक माह मैदान से दूर रहना पड़ा। बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब के बाद वह पूरी तरह फिट हो चुके हैं। बीसीसीआई के वीडियो में उन्होंने तमिल फिल्म का मशहूर डायलॉग बोला, जो उनकी वापसी का ऐलान था।
बुधवार को ट्रेनिंग सेशन के बाद सुंदर ने कहा, ‘लड़कों के साथ यहां ट्रेनिंग करना शानदार लग रहा है। सेशन बहुत कठिन था, लेकिन हम सबने उम्मीदों पर खरा उतरा। फील्डिंग शानदार रही और मुझे खूब बल्लेबाजी व गेंदबाजी का मौका मिला।’
उन्होंने रिहैब पर बात करते हुए बताया, ‘पिछले तीन हफ्ते शानदार रहे। मैंने टूर्नामेंट के लिए जमकर मेहनत की। आगामी मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।’ मंगलवार को फील्डिंग ड्रिल में हिस्सा लेने के बाद उन्होंने कुलदीप यादव संग तिलक वर्मा को गेंदबाजी की।
हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के साथ उनकी लंबी चर्चा ने उनकी फिटनेस पर मुहर लगा दी। भारत ने यूएसए को 29 रनों से हराकर शानदार शुरुआत की। अब नामीबिया (12 फरवरी), पाकिस्तान (15 फरवरी) और नीदरलैंड (18 फरवरी) के मुकाबले बाकी हैं।
सुंदर की वापसी से टीम का संतुलन मजबूत हुआ है। यह मुकाबला रोमांचक होने जा रहा है।