
राजधानी दिल्ली में हत्याओं और हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर भाजपा की ‘चार इंजन’ सरकार को जमकर लताड़ा। उन्होंने कहा कि एक साल में भाजपा ने दिल्ली का बंटाधार कर दिया है। नालों में गिरकर हो रही मौतें और लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं प्रशासन की नाकामी को उजागर कर रही हैं।
केजरीवाल ने सवाल उठाया कि सरकार को जनता की जान की कितनी परवाह है? आखिर कितनी और जानें जाएंगी तब जाकर नींद खुलेगी? हालिया छह हत्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने स्कूली बच्चों की असुरक्षित जिंदगी पर चिंता जताई।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल और डीडीए पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खुले नाले और गड्ढे लोगों की जान ले रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार एजेंसियां चुप हैं। पहले उपराज्यपाल आप सरकार की खामियां गिनाते थे, अब जब सब कुछ भाजपा के हाथ में है तो जवाब कौन देगा?
भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में दो चेहरा नजर आ रहा है- एक तरफ डर का माहौल, दूसरी तरफ सरकार के कार्यक्रम। भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, लेकिन सियासी घमासान तेज हो गया है। दिल्लीवासियों को सुरक्षा और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की दरकार है।