
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 13वें मैच में दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान पर दूसरे सुपर ओवर में शानदार जीत हासिल की। इस रोमांचक मुकाबले में सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने 41 गेंदों पर 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 59 रन ठोके। इस शानदार पारी के दम पर उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का कीर्तिमान स्थापित कर लिया। अब उनके नाम 737 रन दर्ज हैं।
डी कॉक ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी इस पारी से 700 रन का आंकड़ा पार किया। पहले नंबर पर एबी डी विलियर्स थे, जिनके नाम 717 रन थे। जेपी डुमिनी (568), डेविड मिलर (482) और एडेन मार्करम (448) क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर हैं।
यह डी कॉक का टी20 वर्ल्ड कप में पांचवां अर्धशतक था, जिससे वे एबी डी विलियर्स के साथ संयुक्त रूप से सबसे अधिक अर्धशतक लगाने वाले दक्षिण अफ्रीकी बन गए। मार्करम के नाम 4 अर्धशतक हैं। डी कॉक (59) और रयान रिकेल्टन (61) की पारियों से दक्षिण अफ्रीका ने 6 विकेट पर 187 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 3 और राशिद खान ने 2 विकेट लिए।
जवाब में अफगानिस्तान 19.4 ओवर में 187 रन पर सिमट गई। रहमानुल्लाह गुरबाज ने 42 गेंदों पर 7 छक्के और 4 चौके लगाकर 84 रन बनाए। लुंगी नगिडी ने 3 विकेट चटकाए, जबकि जानसेन, रबाडा, लिंडे और महाराज को एक-एक सफलता मिली।
पहले सुपर ओवर में दोनों टीमें 17-17 पर बराबर रहीं। दूसरे में दक्षिण अफ्रीका ने 21/0 बनाया और अफगानिस्तान को 19/1 पर रोक दिया। डी कॉक का यह प्रदर्शन दक्षिण अफ्रीका के अभियान को मजबूती देगा।