
टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले का बहिष्कार करने का पाकिस्तान का फैसला अब पलट चुका है। आईसीसी की मध्यस्थता के बाद पाकिस्तान ने मैच खेलने का ऐलान कर दिया। इस यू-टर्न पर पूर्व पाकिस्तानी स्पिनर दानिश कनेरिया ने जमकर कटाक्ष किया और अपनी ही टीम को यू-टर्न स्पेशलिस्ट करार दिया।
आईएएनएस से विशेष बातचीत में कनेरिया ने कहा, ‘क्रिकेट में स्पिनर और बल्लेबाज स्पेशलिस्ट होते हैं, लेकिन पाकिस्तान यू-टर्न का चैंपियन है।’ उन्होंने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि यह ड्रामा यू-टर्न के बिना नहीं रुकेगा और वैसा ही हुआ।
‘हर चीज की हद होती है। मैंने कभी इतना परफेक्ट यू-टर्न नहीं देखा। पूरी दुनिया हंस रही है कि पाकिस्तान एक पल कुछ कहता है, दूसरे पल उलट जाता है। अचानक बहिष्कार का ऐलान बेमानी था।’
कनेरिया ने बांग्लादेश से बहिष्कार जोड़ने पर सवाल उठाए। ‘बांग्लादेश ने कभी पाक क्रिकेट की मदद नहीं की। वह आईसीसी-पीसीबी का मामला था। इतने बड़े बयान देने के बाद अब क्या हो गया?’
उन्होंने जोर दिया कि फैसले पर अडिग रहें। ‘अचानक पलटना और मीडिया में शोर मचाना चीजें बिगाड़ देता है। यह भविष्य का सरदर्द बन सकता है। अभी तो मजाक लग रहा। डर था अलगाव का, इसलिए मान गए।’
आईसीसी बैठक में भारत सीरीज की मांग रखी, लेकिन बैन, नुकसान और पीएसएल NOC की धमकी से पीसीबी पीछे हटा।
मनोवैज्ञानिक दबाव पर कनेरिया बोले, ‘नो मैच से बड़े मुकाबले तक का बदलाव दबाव बढ़ाता है। राजनीति क्रिकेट में घुस आई। शाहीन-अभिषेक की जंग हाइप हो रही। भारत की जीतों से ठंडी दुश्मनी फिर भड़की, पाक पर बोझ।’
दोनों टीमों को दोहरी तैयारी। ‘मैदान पर तू-तू मैं-मैं होगी। दबाव संभालने वाली जीतेगी।’