
वाशिंगटन। भारत और अमेरिका के बीच हालिया व्यापार समझौते पर लुइसियाना के रिपब्लिकन सांसद क्ले हिगिंस ने कड़ी चिंता जताई है। उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पत्र लिखकर चेतावनी दी कि भारतीय समुद्री खाद्य पर टैरिफ कम होने से अमेरिकी झींगा उद्योग को गहरा नुकसान हो सकता है। गल्फ कोस्ट के मछुआरों की आजीविका दांव पर लग गई है।
हिगिंस ने पत्र में ट्रंप के व्यापार संतुलन प्रयासों की सराहना की, लेकिन घरेलू मछुआरों पर असर को लेकर आगाह किया। भारत अमेरिका में झींगा का प्रमुख निर्यातक रहा है। पहले लगाए गए टैरिफ से अमेरिकी उत्पादकों को राहत मिली थी, लेकिन अब कम टैरिफ से कम गुणवत्ता वाले भारतीय झींगे बाजार में छा जाएंगे।
उन्होंने अमेरिकी जंगली झींगों की तारीफ की, जो सख्त पर्यावरणीय और श्रम मानकों के साथ तैयार होते हैं। इसके विपरीत, आयातित झींगे ढीली निगरानी वाले विदेशी कारखानों से आते हैं। हिगिंस ने नए समझौते में वैकल्पिक सुरक्षा उपाय सुझाए, जैसे एंटी-डंपिंग ड्यूटी को सख्ती से लागू करना और खतरनाक आयातों को नष्ट करने वाले कानूनों का सहारा।
ट्रंप से अपील करते हुए कहा कि लुइसियाना के मछुआरे मेहनती अमेरिकी हैं, जो सिर्फ समान अवसर चाहते हैं। समुद्री खाद्य अमेरिकी व्यापार बहस में संवेदनशील मुद्दा रहा है, खासकर तटीय इलाकों में। भारत-अमेरिका संबंध मजबूत करने के बीच यह विवाद व्यापार नीतियों की जटिलता उजागर करता है।