
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता दो दिनों की मामूली सुधार के बाद एक बार फिर बिगड़ गई है। दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गंभीर रेड जोन में पहुंच गया है, जिसमें गाजियाबाद के लोनी में यह 400 तक जा पहुंचा।
प्रदूषण नियंत्रण एजेंसियों के ताजा आंकड़ों से साफ है कि स्थिति चिंतनीय बनी हुई है। दिल्ली में अलीपुर (310), अशोक विहार (342), बवाना (312), बुराड़ी क्रॉसिंग (321), चांदनी चौक (365), रोहिणी (345), शादिपुर (355), सिरीफोर्ट (359), सोनिया विहार (357), विवेक विहार (344) और वजीरपुर (375) जैसे क्षेत्रों में AQI 300 से ऊपर दर्ज किया गया।
गाजियाबाद में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं, जहां इंदिरापुरम (355), लोनी (400), वसुंधरा (337) और संजय नगर (268) पर नजर रखी जा रही है। नोएडा के सेक्टर-125 (328), सेक्टर-1 (275), सेक्टर-116 (284) और सेक्टर-62 (268) भी रेड जोन की चपेट में हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 11 से 13 फरवरी तक अधिकतम तापमान 24-26 डिग्री और न्यूनतम 10-11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, साथ ही हल्का कोहरा छाया रहेगा। हवा की गति कम होने से प्रदूषक कण फैल नहीं पा रहे।
विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं या बारिश के बिना राहत मुश्किल है। लोगों में चिंता बढ़ गई है और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बाहर निकलने पर पाबंदी की सलाह दी है। एनसीआर में प्रदूषण की यह जंग लंबी चलने वाली है।