
लखनऊ में बुधवार को विधानसभा में उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसे ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह बजट राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और लंबे समय से अटकी परियोजनाओं को पूरा करने का माध्यम बनेगा।
आईएएनएस से बातचीत में पाठक ने स्पष्ट किया कि यह बजट आम गरीब के जीवन को सरल और समृद्ध बनाने पर केंद्रित है। उन्होंने इसे ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर बताया। सरकार द्वारा जनता से किए गए सभी वादों को इस बजट में पूरा करने का प्रयास किया गया है।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए पाठक ने कहा कि अब उनके पास बोलने को कुछ बाकी नहीं। विपक्ष पूरी तरह असफल रहा है और उसकी मानसिकता हमेशा उत्तर प्रदेश को पिछड़ा बनाए रखने की रही, जबकि योगी सरकार विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बजट की खासियतें गिनाईं। उन्होंने कहा कि यह हर वर्ग और हर व्यक्ति के लिए है, जिसमें महिलाओं, किसानों, युवाओं, वंचितों और मजदूरों को प्राथमिकता मिली है। पूंजीगत व्यय पर विशेष जोर दिया गया है, जो नई नौकरियों का सृजन करेगा। खन्ना ने विपक्ष से बजट पर सहयोग की अपील की।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने भी सराहना की। उन्होंने पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम योगी के नेतृत्व में 2017 से पर्यटन के क्षेत्र में हुए बदलाव का जिक्र किया। यह बजट उस निरंतरता को मजबूत कर प्रदेश को विकास के नए आयाम देगा।