
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज में 10 दिवसीय वसंतोत्सव 2026 के भजन क्लबिंग कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने इसे भक्ति, संस्कृति और युवाओं की ऊर्जा को जोड़ने वाली अनुपम पहल करार दिया।
लीला बैंड के भव्य प्रदर्शन ने परिसर को भक्तिमय माहौल से भर दिया। छात्रों के अलावा सीएम गुप्ता, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा सहित अन्य अतिथि भी भजनों में सहभागी बने। गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात में युवाओं को संस्कृति से जोड़ने के आह्वान का जिक्र करते हुए कहा कि भजन-कीर्तन भारतीय संस्कृति की जान हैं।
दिल्ली सरकार का यह प्रयास उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भजन क्लबिंग युवाओं को उनकी जड़ों से जोड़ रही है, जहां आधुनिकता और आध्यात्मिकता का अनोखा मेल हो रहा है। कपिल मिश्रा ने बताया कि 10 से 19 फरवरी तक चलने वाली यह सांस्कृतिव श्रृंखला पीएम मोदी के प्रेरणा से प्रेरित है।
दिल्ली को कला-संस्कृति की राजधानी बनाने की दिशा में यह सराहनीय कदम है। बुधवार को राघव राजा दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज में संगीत प्रस्तुति होगी। 12 फरवरी को एआरएसडी कॉलेज में इंडिया म्यूजिक कलेक्टिव और शहीद सुखदेव कॉलेज में साधो बैंड प्रदर्शन करेगा। यह उत्सव दिल्ली को सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।