
बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मैमनसिंह जिले के त्रिशाल उपजिले में सोमवार रात एक और निर्दयी हत्या ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। 62 वर्षीय सुशेन चंद्र सरकार, जो एमएस भाई-भाई एंटरप्राइजेज नामक चावल के कारोबार के मालिक थे, को बदमाशों ने बोगर बाजार चौराहे पर धारदार हथियार से मार डाला।
परिवार के मुताबिक, अपराधियों ने दुकान से लाखों टका लूटे और शटर बंद कर फरार हो गए। बाद में परिजनों ने खून से सन हुआ शव देखा और मैमनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे सुजान सरकार ने दर्द भरी आवाज में कहा, ‘हमारे कोई दुश्मन नहीं थे। पिता को क्रूरता से मारा और पुराना कारोबार लूट लिया। हत्यारों को कड़ी सजा मिले।’
त्रिशाल थाने के प्रभारी मुहम्मद फिरोज हुसैन ने पुष्टि की कि रात 11 बजे हमला हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और कार्रवाई शुरू कर दी है।
राष्ट्रीय चुनाव से ठीक पहले यह वारदात अल्पसंख्यकों की बिगड़ती स्थिति को उजागर करती है। यूनुस की अंतरिम सरकार बनने के बाद ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं, जिस पर भारत ने जनवरी में चिंता जताई थी। मानवाधिकार संगठन सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।