
मुंबई, 9 फरवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत द्वारा वीर सावरकर को भारत रत्न देने की मांग पर भाजपा नेता श्रीकांत भारतीय ने कहा कि यह देश और राष्ट्र से प्रेम करने वाले करोड़ों लोगों की भावनाओं का प्रतिबिंब है।
आईएएनएस से मुंबई में बातचीत के दौरान भारतीय ने वीर सावरकर के समर्पण, बलिदान और आजादी की लड़ाई में उनके योगदान को रेखांकित किया। पूरी दुनिया उनके 14 वर्ष काला पानी की जेल में बिताने और स्वतंत्रता संग्राम की घटनाओं को जानती है। भागवत जी ने जनमानस की पुकार को आवाज दी है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के सावरकर विरोधी बयान पर भारतीय ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि क्या मसूद भारत में जन्मे नहीं? देश की आजादी की लड़ाई, बलिदानियों और सावरकर जैसे नायकों को समझना उनकी जिम्मेदारी है। यदि वे इतिहास नहीं पढ़ते, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
भारतीय ने मसूद को सलाह दी कि स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और समर्पण पर गहन अध्ययन करें।
भाजपा की बीएमसी मेयर प्रत्याशी रितु तावड़े पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मुंबईवासियों से किया वचन निभाया गया। देवेंद्र फडणवीस का वादा था हिंदू, मराठी और महायुति की प्रतिनिधि—रितु तावड़े सब कुछ हैं।
यूसीसी पर भागवत के बयान का समर्थन करते हुए भारतीय ने कहा कि यह भाजपा का पुराना मुद्दा है। समाज से निरंतर संवाद चल रहा है। यह आम जन को मुख्यधारा में लाने का माध्यम है, जो देश की आकांक्षा है।