
मुंबई। विशाल भारद्वाज की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म को लेकर निर्देशक बेहद उत्साहित हैं। खास बात यह है कि विक्रांत मैसी और तमन्ना भाटिया ने इस प्रोजेक्ट में बिना किसी फीस के काम किया है। भारद्वाज ने खुद इसकी पुष्टि की है।
फिल्म में शाहिद कपूर माफिया क्वीन हुसैन उस्तरा का किरदार निभा रहे हैं, जो हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ पर आधारित है। तृप्ति डिमरी सपना बनी हैं, तो अविनाश तिवारी, नाना पाटेकर, फरीदा जलाल, दिशा पटानी जैसे सितारे भी हैं। विक्रांत स्पेशल अपीयरेंस में हैं, जबकि तमन्ना का रोल महत्वपूर्ण ट्विस्ट लाता है।
भारद्वाज के मुताबिक, विक्रांत ने सालों पहले, जब वे संघर्ष कर रहे थे, इस फिल्म के लिए हामी भरी थी। ‘मकबूल’ देखकर उन्हें प्रेरणा मिली थी। ’12वीं फेल’ की सफलता के बावजूद उन्होंने वचन निभाया और 8-9 दिनों की शूटिंग में शानदार अभिनय किया।
तमन्ना ने भी तुरंत सहमति दी। उनका छोटा सा रोल प्लॉट को नया मोड़ देता है। उन्होंने वर्कशॉप, रिहर्सल और 12 दिनों की शूटिंग में पूरी मेहनत की—बिना एक पैसा लिए। भारद्वाज ने उनकी उदारता की खूब सराहना की।
75-80 करोड़ के बजट वाली यह फिल्म नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट का प्रोडक्शन है। ओटीटी और सैटेलाइट राइट्स पहले ही बिक चुके हैं। यह रोमांटिक ड्रामा मुंबई के अंडरवर्ल्ड की कहानी को बयां करेगा, जिसमें प्यार, विश्वासघात और बदला समाया है। रिलीज का इंतजार बेकरार कर रहा है।