
सिडनी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुकी है, जहां 15 फरवरी से मेजबान टीम के खिलाफ रोमांचक मल्टी-फॉर्मेट सीरीज का आगाज होगा। इस दौरे में तीन टी20, तीन वनडे और एक टेस्ट मैच शामिल हैं, जो दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर की उम्मीद जगाते हैं।
बीसीसीआई विमेन ने सोमवार को एक वीडियो साझा किया, जिसमें खिलाड़ियां ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर खासी उत्साहित दिखाई दे रही हैं। हरमनप्रीत कौर सभी प्रारूपों में कप्तानी संभालेंगी, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी।
आरसीबी के दूसरे डब्ल्यूपीएल खिताब जश्न के बाद स्मृति मंधाना ने राष्ट्रीय कर्तव्य पर लौटने की बात कही। एक्स पर बीसीसीआई वीडियो में उन्होंने कहा, ‘बहुत व्यस्तता रही, जमकर जश्न मनाया, लेकिन अब देश के लिए तैयार।’
टी20 सीरीज सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर 15 फरवरी से शुरू होगी, फिर 19 को कैनबरा और 21 को एडिलेड में। 2026 टी20 विश्व कप (12 जून से 5 जुलाई) की तैयारी के लिहाज से यह अहम है।
वनडे 24 फरवरी से ब्रिस्बेन में, उसके बाद होबार्ट में दो मैच। पर्थ में 6 मार्च से टेस्ट। ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली का यह आखिरी सीरीज है, संन्यास की घोषणा के बाद भावुक पल होंगे। यह दौरे क्रिकेट प्रेमियों के लिए अविस्मरणीय साबित होगा।