
कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में सोमवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आठवें मुकाबले में जिम्बाब्वे ने ओमान को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ओमान की पारी 19.5 ओवर में 103 रन पर ढेर हो गई।
ओमान को 7 रन पर पहला झटका लगा जब कप्तान जतिंदर सिंह 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद 27 रन तक पांच विकेट गिर चुके थे। विनायक शुक्ला और सुफयान महमूद ने छठे विकेट के लिए 43 गेंदों पर 42 रन जोड़े, लेकिन साझेदारी टूटते ही ओमान लड़खड़ाई। शुक्ला ने 21 गेंदों में 4 चौकों के साथ 28 रन बनाए, जबकि महमूद ने 39 गेंदों पर 25 रन ठोके। नदीम खान ने 20 रन का योगदान दिया।
जिम्बाब्वे की ओर से रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजारबानी और ब्रैड इवांस ने तीन-तीन विकेट लिए। सिकंदर रजा को एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे ने 13.3 ओवर में जीत हासिल कर ली। दिवानाशे मारुमानी और ब्रायन बेनेट ने पहले विकेट के लिए 30 रन जोड़े। मारुमानी 11 गेंदों में 5 चौकों सहित 21 रन बनाकर लौटे।
डायोन मायर्स शून्य पर आउट हुए, लेकिन बेनेट ने ब्रेंडन टेलर के साथ 56 गेंदों पर 68 रन की साझेदारी की। टेलर 30 गेंदों में 31 रन (3 चौके) बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। बेनेट 36 गेंदों में 7 चौकों सहित नाबाद 48 रन ठोककर टीम को जीत दिलाई। सुफयान महमूद ने दो विकेट लिए, लेकिन टीम हार नहीं टाल सकी। यह जीत जिम्बाब्वे के लिए टूर्नामेंट में मजबूत संदेश है।