
मुंबई। कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार ऋषभ शेट्टी ने सोमवार को अपनी पत्नी प्रगति के साथ नौवीं शादी की सालगिरह धूमधाम से मनाई। इस खास मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर पत्नी संग रोमांटिक तस्वीरें शेयर करते हुए भावुक संदेश लिखा, जो फैंस का दिल जीत रहा है।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई तस्वीरों के साथ ऋषभ ने लिखा, ‘शादी के बंधन में बंधे नौ साल पूरे हो गए। पीछे मुड़कर देखें तो हर लम्हा खुशी, दुख, हंसी और छोटी-मोटी नोकझोंक से भरा लगता है। लेकिन इन सब पर हमेशा समझदारी, संतुलन और अपार प्यार हावी रहा।’
उन्होंने आगे कहा, ‘तुम्हारे प्यार की किरणें, मिली शांति और विश्वास ने मुझे आज का ऋषभ बनाया। जीवनसंगिनी, हमसफर और सौभाग्य की देवी बनकर तुमने मेरी साधारण जिंदगी को समुद्र सा विशाल और सुंदर बना दिया। धन्यवाद मेरी ताकत, सहारा! सालगिरह मुबारक, तुम्हारा हाथ थामे जीवन और भी रंगीन लगता है।’
दोनों की प्रेम कहानी बेहद दिलचस्प है। ‘उलिडावरु कंडांते’ फिल्म देखने थिएटर पहुंची प्रगति की मुलाकात ऋषभ से हुई। रक्षित शेट्टी की फैन प्रगति ने हीरो के बजाय ऋषभ के साथ फोटो खिंचवाई, यहीं से दोस्ती प्यार में बदली और 2017 में शादी हो गई।
ऋषभ अभिनेता, निर्देशक व निर्माता हैं। ‘कांतारा’ (2022) और आगामी ‘कांतारा चैप्टर 1’ (2025) से कन्नड़ सिनेमा को राष्ट्रीय पहचान मिली। प्रगति उनकी फिल्मों में कॉस्ट्यूम डिजाइनर भी हैं। यह जोड़ी प्यार और प्रोफेशनल साझेदारी का अनोखा उदाहरण है।