
भोपाल। मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने रीवा जिले के गुढ़ औद्योगिक क्षेत्र में विकास कार्यों की सुस्त गति पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी।
सोमवार को मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में 16 करोड़ रुपये की जलापूर्ति योजना पर विशेष ध्यान दिया गया। इस योजना में अब तक मात्र 7 करोड़ का कार्य ही पूर्ण हुआ है। योजना से नगर परिषद को 5 एमएलडी तथा औद्योगिक क्षेत्र को 5 एमएलडी जल उपलब्ध होगा, जिससे क्षेत्र में जल व्यवस्था मजबूत बनेगी।
उपमुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि किसी भी इंडस्ट्रियल एरिया के लिए बिजली, पानी, सड़क और ड्रेनेज जैसी सुविधाएं अनिवार्य हैं। उन्होंने सभी आवश्यक सेवाओं के विस्तार में सर्वोच्च प्राथमिकता देने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित समीक्षा का जिम्मा सौंपते हुए शुक्ला ने कहा कि गुढ़ का विकास रीवा की औद्योगिक छवि को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को भारी संख्या में रोजगार मिलेगा, जिससे आर्थिक समृद्धि आएगी। बैठक में एमपीआईडीसी के एमडी चंद्रमौली शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।