
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में सोमवार को स्कॉटलैंड ने इतिहास रच दिया। इटली के खिलाफ टॉस हारने के बावजूद पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉटलैंड ने 4 विकेट पर 207 रन ठोक दिए। यह टी20 विश्व कप में किसी एसोसिएट टीम का एक पारी में अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले यह कीर्तिमान अमेरिका के पास था, जिसने 2024 विश्व कप में कनाडा के खिलाफ 3 विकेट पर 197 रन बनाए थे। उसी मैच में कनाडा ने 194 रन का स्कोर खड़ा किया था।
नीदरलैंड्स तीसरे स्थान पर है, जिन्होंने 2014 में आयरलैंड के खिलाफ 4 विकेट पर 193 रन बनाए थे। आयरलैंड ने उस मैच में पहली पारी में 189 रन बनाए। स्कॉटलैंड का यह प्रदर्शन एसोसिएट क्रिकेट की बढ़ती ताकत को दर्शाता है।
स्कॉटलैंड का 2026 टी20 विश्व कप में आना भी कम नाटकीय नहीं था। ग्रुप सी में मूल रूप से बांग्लादेश की जगह थी, लेकिन सुरक्षा चिंताओं के चलते बांग्लादेश ने हटने का फैसला किया। आईसीसी ने स्कॉटलैंड को आमंत्रित किया।
टीम सातवीं बार विश्व कप खेल रही है। पहले 2007, 2009, 2016, 2021, 2022 और 2024 में हिस्सा ले चुकी है। वेस्टइंडीज और बांग्लादेश जैसी टीमों को हराने का अनुभव है।