
बिहार के पथ निर्माण मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने वालों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने इंजीनियरों और संवेदकों को तीन महीने का समय दिया है कि विभाग की किसी भी सड़क पर गड्ढा नजर आया तो सख्त कार्रवाई होगी।
मंत्री जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि सड़कों की गुणवत्ता में कोई कमी बर्दाश्त नहीं होगी। शनिवार को ही उन्होंने भारत-नेपाल सीमा सड़क परियोजना के प्रमुख संवेदक जेकेएम इंफ्रा प्रोजेक्ट्स को निविदाओं से अयोग्य घोषित कर दिया। यह संवेदक वर्षों से समय बढ़वाता आ रहा था।
“चाहे कितना बड़ा नाम हो, खराब काम बर्दाश्त नहीं,” उन्होंने कहा। इस फैसले से पूरे बिहार में हड़कंप मच गया। जायसवाल ने आश्वासन दिया कि उनके विभाग की सड़कें देशभर में सबसे बेहतर होंगी।
दीक्षांत समारोह में बोलते हुए उन्होंने किशनगंज-बहादुरगंज सड़क चौड़ीकरण, तैयबपुर पुल निर्माण और बायसी-अमौर-गलगलिया फोरलेन जैसे प्रोजेक्ट्स का जिक्र किया। सीएम नीतीश कुमार के एक करोड़ रोजगार वादे का उल्लेख करते हुए उन्होंने उद्योग विभाग की भूमिका पर जोर दिया।
शिक्षा व विकास में पिछड़ने पर चिंता जताते हुए सीमांचल को प्राथमिकता बताई। समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मंत्री अशोक चौधरी व अन्य उपस्थित रहे।