
मुंबई। सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने हफ्ते की शानदार शुरुआत की और प्रमुख सूचकांक हरे निशान में खुले। बीएसई सेंसेक्स पिछले बंद के स्तर 83,580.40 से 597.11 अंक की छलांग लगाकर 84,177.51 पर खुला। वहीं, एनएसई निफ्टी 25,693.70 से 195 अंक उछलकर 25,888.70 पर ट्रेडिंग शुरू हुई।
खबर लिखते समय सुबह 9:30 बजे सेंसेक्स 441.77 अंक या 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84,022.17 पर था। निफ्टी 128.95 अंक यानी 0.50 प्रतिशत ऊपर 25,822.65 पर कारोबार कर रहा था। मिडकैप सूचकांक में 0.6 प्रतिशत और स्मॉलकैप में 0.76 प्रतिशत की तेजी दर्ज हुई।
सेक्टरों की बात करें तो पीएसयू बैंक सूचकांक में 3 प्रतिशत से अधिक की उछाल आई। रियल्टी में 1.7 प्रतिशत और मेटल में 0.9 प्रतिशत की बढ़त देखी गई। सेंसेक्स के टॉप गेनर्स में एसबीआई, टाइटन, इटरनल, कोटक बैंक, टाटा स्टील, बीईएल, अदाणी पोर्ट्स व इंडिगो शामिल रहे। लूजर्स में पावर ग्रिड, आईटीसी, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, एचयूएल व आईसीआईसीआई बैंक रहे।
चॉइस ब्रोकिंग के आकाश शाह ने बताया कि शुक्रवार को निफ्टी की कमजोर शुरुआत के बावजूद दोपहर में जबरदस्त रिकवरी हुई और 210 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ। निचले स्तरों पर खरीदारी का दमखम दिखा। निफ्टी के लिए 25,850-25,900 रेजिस्टेंस और 25,550-25,600 सपोर्ट हैं।
शुक्रवार को एफआईआई ने 1,950 करोड़ की खरीदारी की, जबकि डीआईआई ने 1,265 करोड़ की बिकवाली। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच ट्रेडर्स को सतर्क रहना चाहिए। मजबूत फंडामेंटल वाले शेयरों पर नजर रखें और निफ्टी के 26,000 के ऊपर ब्रेकआउट का इंतजार करें। इससे बाजार की सेंटीमेंट में स्थिर सुधार के संकेत मिलेंगे।