
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तेज रफ्तार हवाओं ने प्रदूषण के घने पर्दे को चीर दिया है। पिछले कुछ दिनों से जारी इन हवाओं ने वायु प्रदूषकों को दूर उड़ा दिया, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में जबरदस्त सुधार हुआ है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के ज्यादातर इलाके अब ऑरेंज और येलो जोन में पहुंच चुके हैं, जो पहले की गंभीर स्थिति से बड़ी राहत है।
दिल्ली के प्रमुख केंद्रों पर नजर डालें तो आनंद विहार में एक्यूआई 289, अशोक विहार 243, बवाना 259, रोहिणी व आर.के. पुरम में 260-260 दर्ज हुआ। शादिपुर 288, वजीरपुर 254 और विवेक विहार 230 पर अटका रहा। ये आंकड़े ऑरेंज श्रेणी के हैं, लेकिन पहले से बेहतर हैं।
कुछ जगहों पर स्थिति और उम्दा रही। आयानगर में 168, बुराड़ी क्रॉसिंग 124, श्री अरविंदो मार्ग 129, चांदनी चौक 193 और सीआरआरआई मथुरा रोड 189 एक्यूआई रहा, जो येलो जोन है। नोएडा के सेक्टर-125 में 237, सेक्टर-62 में 154 (येलो), सेक्टर-1 में 192 और सेक्टर-116 में 195 नोट किया गया।
गाजियाबाद में इंदिरापुरम 202, वसुंधरा 229, जबकि लोनी में 295 एक्यूआई रहा। उद्योगों व ट्रैफिक के दबाव में भी हवाओं ने प्रदूषण को काबू में रखा। मौसम विभाग के मुताबिक, 9 फरवरी को अधिकतम 24 डिग्री, न्यूनतम 9 डिग्री के साथ हल्की धुंध रही। 10 फरवरी को 25/10 और 11 को 25/12 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।
विशेषज्ञों का मानना है कि हवाओं की रफ्तार बनी रही तो एक्यूआई में और गिरावट आएगी, जिससे लाखों लोगों को फायदा होगा।