
जम्मू में रविवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को मजबूत करने और आसपास के क्षेत्र को समृद्ध बनाने के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल एवं बोर्ड अध्यक्ष मनोज सिन्हा की अगुवाई में ये कदम माता के धाम को विश्व स्तरीय आध्यात्मिक केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से उठाए गए हैं।
बोर्ड ने मां शक्ति की दिव्य विरासत को समर्पित अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय ‘शक्ति संग्रहालय’ की स्थापना को हरी झंडी दी, जो कटरा के नताली इलाके में एशियन हेरिटेज फाउंडेशन के सहयोग से बनेगा। यह क्षेत्र का पहला धार्मिक-शैक्षिक-सांस्कृतिक केंद्र साबित होगा। साथ ही, विश्व प्रसिद्ध तीर्थों से प्रेरित साउंड एंड लाइट शो और धाम पर डॉक्यूमेंट्री निर्माण का भी फैसला हुआ।
विभागों में रिक्त पद भरने और स्थानीय युवाओं के लिए निःशुल्क नीट कोचिंग केंद्र खोलने की योजना को मंजूरी मिली। एनजीटी के आदेशों पर यात्रा पथ पर सेवाएं देने वालों के पुनर्वास की चरणबद्ध रणनीति लागू होगी। श्रद्धालु संख्या बढ़ाने हेतु विशेष समिति बनी।
समावेशी विकास पर बल देते हुए स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं व युवा उद्यमियों से खरीदारी और पूजा सामग्री स्थानीयकरण का संकल्प लिया गया। उपराज्यपाल सिन्हा ने कटरा को स्वच्छ, आधुनिक शहर बनाने का वादा किया। जम्मू में खेल विकास, बीमा राशि दस लाख तक वृद्धि व आधारभूत परियोजनाओं की समीक्षा भी हुई। सभी सदस्य उपस्थित रहे।