
दिल्ली के जनकपुरी में सड़क पर खुला गड्ढा बन गया काल। 25 वर्षीय कमल ध्यानी की इस गड्ढे में गिरकर मौत ने राजनीतिक घमासान मचा दिया है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इसे सरकारी लापरवाही करार देते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा के तत्काल सस्पेंड करने की जोरदार मांग उठाई है।
भारद्वाज ने कहा कि पुलिस के पास कमल के फोन की सटीक लोकेशन थी, लेकिन परिजनों को समय पर यह जानकारी नहीं दी गई। अगर ऐसा होता तो युवक की जान बच सकती थी। उन्होंने इसे सुनियोजित ढंकछिपी बताया और मृतक पर ही दोष मढ़ने की कोशिश का आरोप लगाया।
घटना के बाद कमल के परिवार और दोस्तों ने रात भर छह थानों का चक्कर लगाया, लेकिन कहीं एफआईआर नहीं लिखी गई। किसी भी एसएचओ पर कार्रवाई नहीं हुई, जो सवाल खड़े करता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में घटनास्थल पर कोई बैरिकेडिंग नहीं थी। बाद में मंत्री और पुलिस के आने पर बैरिकेड लगाकर सीन को संवार दिया गया। इलाके में कई सीसीटीवी हैं, फिर भी कोई फुटेज जारी नहीं हुई।
आप ने सभी सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने, निष्पक्ष जांच और कमिश्नर के सस्पेंशन की मांग की है। यह कार्रवाई मौत के साथ-साथ लोकेशन छिपाने, रिपोर्ट न दर्ज करने जैसी गलतियों के लिए जरूरी है। दिल्ली की सड़कों पर सुरक्षा के अभाव ने एक बार फिर सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है।