
राजधानी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड के कार्य के दौरान सड़क पर खोदे गए गड्ढे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। इस घटना ने राजनीतिक हलकों में हंगामा मचा दिया है। आम आदमी पार्टी के विधायक दल चीफ व्हिप संजीव झा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा और एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
झा ने पत्र में इसे सरकारी लापरवाही का नंगा रूप बताते हुए कहा कि अधिकारियों पर कार्रवाई से परिवार का दुख कम नहीं होगा। जनकपुरी में जल बोर्ड की खुदाई के बीच बिना सुरक्षा के गड्ढा जानलेवा साबित हुआ, जो बुनियादी सावधानियों की कमी को उजागर करता है।
परिवार ने अपना इकलौता सहारा खो दिया है और आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। झा ने जोर देकर कहा कि जांच या निलंबन से काम नहीं चलेगा, बल्कि वास्तविक सहायता जरूरी है। उन्होंने हाल के यमुना डूबने के भाजपा कार्यकर्ता मामले का जिक्र करते हुए कहा कि वहां तो तुरंत मुआवजा और नौकरी दी गई, तो यहां भेदभाव क्यों?
मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए झा ने कहा कि देरी न बरतें, मुआवजा घोषित करें और नौकरी दें। इससे न केवल परिवार को संबल मिलेगा, बल्कि सरकार की संवेदनशीलता भी सबके सामने आएगी। यह मांग दिल्ली की सड़क सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ी करती है।