
अहमदाबाद, 7 फरवरी। तापसी पन्नू की नई फिल्म ‘अस्सी’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा रही है। यह फिल्म बलात्कार पीड़िताओं के दर्दनाक अनुभवों को बड़े पर्दे पर उतारने वाली है। निर्देशक अनुभव सिन्हा, जो ‘मुल्क’ और ‘आर्टिकल 15’ जैसी सामाजिक मुद्दों पर तीखा प्रहार करने वाली फिल्मों के लिए मशहूर हैं, ने अहमदाबाद में प्रमोशन के दौरान पत्रकारों से खुलकर बात की।
फिल्म के नाम ‘अस्सी’ के पीछे का राज बताते हुए सिन्हा ने कहा, ‘हमारे देश में प्रतिदिन 80 महिलाएं यौन शोषण का शिकार होती हैं। यह आंकड़ा सरकारी रिपोर्ट्स से लिया गया है। खबरें तो अखबारों में छप जाती हैं, लोग सहानुभूति जताते हैं और भूल जाते हैं। लेकिन पीड़िता के साथ उसके बाद क्या होता है? अपराधी को पछतावा होता है या नहीं?’
फिल्म एक कोर्टरूम ड्रामा है जिसमें थ्रिलर और सस्पेंस का तड़का है। रिसर्च के आधार पर वास्तविक केसों से प्रेरित कहानी बुनी गई है, जिसमें हर पक्ष अपनी बाजी मारने की कोशिश करता है। सिन्हा ने बताया कि वे 40-42 जगहों पर प्रमोशन करेंगे और हर जगह का स्थानीय खाना चखेंगे। अहमदाबाद में गुजराती थाली का इंतजार है।
भविष्य की योजनाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि चार स्क्रिप्ट्स पर काम चल रहा है, दो लगभग तैयार। ‘अस्सी’ न केवल मनोरंजन देगी बल्कि समाज को झकझोरने का काम भी करेगी।